टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तीसरा थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार गोराई के रूप में हुई है।

साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुराना बरवाअड्डा थाना के सामने स्थित कृष्णा इंटरनेट कैफे से साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां से संतोष कुमार गोराई को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी आम लोगों को झांसा देकर विभिन्न बैंकों में उनके नाम से खाते खुलवाता था। इसके बदले वह संबंधित व्यक्तियों को लगभग 5 हजार रुपये देता था। खाता खुलने के बाद वह उनसे बैंक खाते से जुड़े एटीएम कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर की सिम अपने पास रख लेता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इन बैंक खातों, एटीएम कार्डों और सिम कार्डों को साइबर अपराधियों को 20 से 25 हजार रुपये में बेच देता था, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड तथा विभिन्न बैंकों के सात एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि संतोष कुमार गोराई के खिलाफ पूर्व में भी तीसरा थाना में मामला दर्ज है। फिलहाल उससे पूछताछ कर साइबर अपराध से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *