

टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अस्पताल परिसर में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे तथा आधुनिक लॉन्ड्री मशीन का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन ने किया।
धनबाद सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई चिकित्सा और सहायक सेवाओं की शुरुआत की गई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार ये सभी उपकरण बंधन बैंक के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कार्यक्रम के तहत उपलब्ध कराए गए हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को कई जरूरी जांचों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें कम खर्च में बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सदर अस्पताल को अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में अस्पताल में एमआरआई, सीटी स्कैन, मॉड्यूलर आईसीयू और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर जैसी उन्नत सुविधाएं भी शुरू करने की योजना है।
इसके साथ ही अस्पताल भवन के विस्तार, अतिरिक्त फ्लोर निर्माण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए शेड निर्माण की योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज, सिविल सर्जन डाॅ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल उपाध्यक्ष डाॅ संजीव कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
