
टीम अनंत सोच
धनबाद: लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारों के सम्मान में आयुष फाउंडेशन धनबाद द्वारा लिटिल बटरफ्लाई प्री स्कूल सभागार में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया।
वर्ष 2019 से शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय आयुष फाउंडेशन ने उन पत्रकारों को सम्मानित किया, जिन्होंने संस्था के सामाजिक कार्यों को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह का शुभारंभ पत्रकारों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इस दौरान पत्रकारों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज में जागरूकता फैलाने, जनसमस्याओं को उजागर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में सम्मान के साथ-साथ पत्रकारों और संस्था के सदस्यों के बीच संवाद, विचार-विमर्श और अनुभव साझा करने का भी अवसर मिला। आयोजन को रोचक बनाने के लिए विभिन्न सहभागिता आधारित गतिविधियों और गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
आयुष फाउंडेशन धनबाद के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज की आंख और कान होते हैं तथा उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने संस्था की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों के योगदान की सराहना की। वहीं उपाध्यक्ष सुजाता रंजन, सचिव अर्पिता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष धीरज गुप्ता और ममता सिंह ने भी पत्रकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रियंका, निरुपमा नायक, प्रीतम साव, शुभम राज, सिमरन, अनुष्का सहित आयुष फाउंडेशन के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
समारोह के अंत में संस्था की ओर से सभी पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि पत्रकारों का सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सत्य और जनहित के प्रति सम्मान का प्रतीक है। संस्था भविष्य में भी समाज सेवा और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
