टीम अनंत सोच 

धनबाद: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर धनबाद में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह “रन फॉर योग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ की शुरुआत रणधीर वर्मा चौक से हुई, जो सिटी सेंटर तक संपन्न हुई।

कार्यक्रम में धनबाद जिला आयुष समिति के पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पुलिस जवानों ने भाग लेकर योग के महत्व का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के दौरान “योग करो, निरोग रहो” का नारा बुलंद करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर लोगों को 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के बारे में भी जानकारी दी गई। आयोजकों ने सभी नागरिकों से मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

आयोजकों ने कहा कि “रन फॉर योग” जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल योग का प्रचार-प्रसार करना नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना भी है। योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ और निरोग समाज का निर्माण किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *