
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता, रेल सुरक्षा और सीपीआर को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। धनबाद रेल मंडल, “मैं हूं धनबाद” और आर्य देव समर्पण सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में यात्रियों और आम नागरिकों को स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरव एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ लव कुमार मौजूद रहे। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों को स्वच्छ रखने तथा सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित रेलवे परिसर बनाने में आम नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
अभियान के दौरान यात्रियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) के महत्व और इसकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि हृदय गति रुकने या किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने की स्थिति में केवल वीडियो बनाने के बजाय तत्काल सहायता और सीपीआर देकर उसकी जान बचाई जा सकती है। मौके पर सीपीआर का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसे लोगों ने काफी रुचि के साथ देखा।
जागरूकता कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए बच्चों ने “धनबाद हमारा है, स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हमारी है – हम बदलेंगे, जग बदलेगा” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान रेलवे ऑडिटोरियम परिसर में मातृ शक्ति के हाथों पांच पौधे भी लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरव ने संस्था द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए ताकि नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक और जिम्मेदार बन सकें।
“मैं हूं धनबाद” की अध्यक्ष पूजा रत्नाकर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य लोगों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और समाज व सरकारी संपत्तियों के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना है। वहीं संगठन के सदस्य मोहम्मद सलाउद्दीन ने कहा कि संस्था केवल बातों पर नहीं बल्कि कार्यों पर विश्वास करती है और धनबाद के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यात्री, स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और रेलवे अधिकारी शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने ऐसे जनहितकारी अभियानों को समाज के लिए आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखने की जरूरत पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में आशीष कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
