

टीम अनंत सोच
धनबाद: विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर धनबाद जिला ओलंपिक संघ की ओर से सोमवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की गई। पांच दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में लोगों को पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान 100 से अधिक पौधा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सिटी सेंटर से रंधीर वर्मा चौक तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की अपील की गई। प्रतिभागियों ने “हर घर एक पौधा” का संदेश देते हुए नागरिकों से पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

