
टीम अनंत सोच
धनबाद: डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयुष फाउंडेशन धनबाद ने द्वारिका मेमोरियल फाउंडेशन अकादमी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बच्चों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के साथ सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
आयुष फाउंडेशन धनबाद के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी जॉब ऑफर, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने बच्चों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच अवश्य करें।
कार्यक्रम के दौरान मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के उपयोग और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की जानकारी भी दी गई। पोस्टर, उदाहरण और संवादात्मक प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया, जिससे उन्होंने विषय को आसानी से समझा और उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आयुष फाउंडेशन की ओर से हैंडमेड बुकमार्क, हस्तनिर्मित एनवेलप और अन्य प्रेरणादायक उपहार देकर सम्मानित किया गया। संस्था ने बताया कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सीखने की भावना को बढ़ावा देना है।
विद्यालय के प्राचार्य मदन सर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक विद्यार्थी के लिए साइबर सुरक्षा की जानकारी आवश्यक है। वहीं
आयुष फाउंडेशन धनबाद के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के साथ-साथ समाज की वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जागरूकता अभियान भी चला रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शुरुआती स्तर से ही डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना समय की मांग है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष गणेश शर्मा, इंटर्न कोऑर्डिनेटर शुभम राज, इंटर्न अनुष्का, सिमरन, एलिना परवीन, गोपाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
आयुष फाउंडेशन धनबाद ने भविष्य में भी विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी डिजिटल रूप से सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
