
टीम अनंत सोच
धनबाद: रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पार्किंग में कथित अवैध वसूली और टोटो चालकों के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को झारखंड ई-रिक्शा (टोटो) संघ के बैनर तले चालकों ने डीआरएम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान चालकों ने अपनी टोटो सड़क किनारे खड़ी कर सांकेतिक चक्का जाम भी किया और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संघ के संरक्षक एवं कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा ने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन की पार्किंग में निर्धारित 10 रुपये के बजाय टोटो चालकों से 40 रुपये तक की वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त राशि देने से इनकार करने पर चालकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता है।
वैभव सिन्हा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पिछले एक वर्ष में कई बार डीआरएम को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि टोटो चालक ईमानदारी से मेहनत कर लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, इसलिए उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। यदि रेलवे प्रशासन ने जल्द उचित कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने में शामिल टोटो चालकों ने भी आरोप लगाया कि रेलवे पार्किंग के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जाती है और विरोध करने पर कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। उन्होंने मांग की कि पार्किंग शुल्क केवल निर्धारित दर के अनुसार लिया जाए, कथित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा टोटो चालकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए।

