टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद जिला संवेदक संघ ने खनन विभाग की नई व्यवस्था और लंबित भुगतानों पर रोक के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। गुरुवार को लूबी सर्कुलर रोड स्थित उत्सव भवन में आयोजित संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई को कंबाइंड बिल्डिंग से रणधीर वर्मा चौक तक पैदल मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने कहा कि खनन सचिव के हालिया निर्देश के बाद जिले के सभी संवेदकों का भुगतान रोक दिया गया है। इसके साथ ही संवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रॉयल्टी चालान जमा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले रॉयल्टी चालान जमा नहीं करने पर दोगुना जुर्माना लिया जाता था, जबकि अब इसे बढ़ाकर 10 गुना तक कर दिया गया है। उनका यह भी कहना है कि कई संवेदक चालान जमा करना चाहते हैं, लेकिन विभाग उनकी चालान स्वीकार नहीं कर रहा है।

आकाश रवानी ने कहा कि भुगतान रुकने से जिले के संवेदकों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित भुगतानों को शीघ्र जारी किया जाए तथा रॉयल्टी चालान से संबंधित नई व्यवस्था की समीक्षा की जाए।

बैठक में मौजूद संवेदक डब्लू. झा ने आरोप लगाया कि खनन सचिव संवेदकों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं और बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के नए नियम लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो संवेदक अपना आंदोलन और तेज करेंगे।

बैठक में आंदोलन की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई और सभी संवेदकों से 13 जुलाई के पैदल मार्च व धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *