
टीम अनंत सोच
धनबाद: भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा गुरुवार को स्टील गेट से पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली इस भव्य यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
“जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।रथ यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों की भारी भागीदारी देखने को मिली। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शरबत और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
इस्कॉन मंदिर धनबाद के अध्यक्ष प्रेम दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शहर के सात प्रमुख स्थानों पर पहुंचेगी। प्रत्येक स्थान पर प्रबुद्ध नागरिकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भगवान को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति का भी प्रतीक है।
हजारों श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान के रथ को खींच रहे हैं और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है।
धार्मिक आस्था, भक्ति और जनसहभागिता का अद्भुत संगम बनी यह रथ यात्रा धनबादवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

