टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई में हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, बाइक, मृतक का मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।

रविवार को ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने प्रेसवार्ता में बताया कि 23 जुलाई की शाम ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के सोरीटांड़-कौशलपुरम के समीप झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि सिर और चेहरे को पत्थर से कुचलकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की टाटा नेक्सन कार भी बरामद हुई। बाद में मृतक की पहचान बरवाअड्डा निवासी और बीसीसीएल कर्मी 57 वर्षीय जयराम मांझी के रूप में हुई। उनकी पत्नी के बयान पर कतरास थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने एसआईटी का गठन किया। बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत विमल के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेतुलमारी के खास सिजुआ निवासी कुंदन कुमार और प्रेम चौहान उर्फ पुष्पा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कुंदन कुमार ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और एक निजी कंपनी में काम करता था। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कुंदन की नजर जयराम मांझी के पैसों पर थी। इसी लालच में उसने अपने साथी प्रेम चौहान के साथ मिलकर सुनियोजित साजिश रची और जयराम मांझी की हत्या कर दी। हालांकि हत्या के बाद भी दोनों आरोपी मृतक के खाते से पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान और एसआईटी की तेज कार्रवाई की बदौलत महज 24 घंटे के भीतर संभव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *