
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद पुलिस की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा आवंटित 40 नई महिंद्रा बोलेरो शनिवार को धनबाद पुलिस को सौंपी गईं। उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुलिस केंद्र से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई।
पुलिस मुख्यालय से मिलीं 40 नई महिंद्रा बोलेरो अब जिले के विभिन्न थानों में तैनात की जाएंगी, जिससे गश्ती व्यवस्था, डायल-112 सेवा और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों में अब गश्त और अन्य पुलिस कार्यों के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं तथा जल्द ही पुलिस कंट्रोल रूम को भी अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग झारखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नई बोलेरो के शामिल होने से डायल-112 की रिस्पॉन्स टाइम में उल्लेखनीय सुधार होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को अधिक मजबूती मिलेगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि इससे पहले भी धनबाद पुलिस को 40 बोलेरो और 115 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा आने वाले समय में 45 से 50 नई बाइक भी पुलिस बेड़े में शामिल की जाएंगी, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक तेज एवं प्रभावी होगी।
कार्यक्रम के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, जिले के सभी डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। फ्लैग ऑफ के बाद सभी नए वाहन अपने-अपने निर्धारित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए।

