टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की ओर से धनबाद के निरंकारी चौक पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके कटआउट का अनावरण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा महतो, जेएमएम जिला अध्यक्ष लखी सोरेन, पार्टी की केंद्रीय प्रवक्ता डाॅ नीलम मिश्रा, वरिष्ठ नेता हरीश सिंह सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर टुंडी विधायक मथुरा महतो ने कहा कि दिशोम गुरु के संघर्ष, त्याग और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी पुण्यतिथि पूरे जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य के सभी जिलों में दिशोम गुरु की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष और विचारों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गुरु जी के बताए रास्ते पर चलकर झारखंड के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

जेएमएम जिला अध्यक्ष लखी सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु के अधूरे सपनों और अधूरे कार्यों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस दिन को ‘संकल्प दिवस’ के रूप में मना रही है और सभी कार्यकर्ता एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरु जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *