
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर धनबाद के विकास, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इस दौरान उन्होंने गृह मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा और क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्र सरकार के सहयोग का आग्रह किया।
नई दिल्ली में हुई इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान सांसद ढुलू महतो ने धनबाद में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा चल रही विकास योजनाओं में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं और आम जनता से जुड़े विभिन्न समसामयिक मुद्दों को भी गृह मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की सुरक्षा, विकास और जनता की सुविधाओं से जुड़े विषय उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने इन मुद्दों के समाधान के लिए केंद्र सरकार के सहयोग और आवश्यक मार्गदर्शन का अनुरोध किया तथा इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक पहल करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद सांसद ढुलू महतो ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से धनबाद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी तथा जनहित से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान जल्द संभव होगा।

