
टीम अनंत सोच
धनबाद: जेपीएससी में कथित धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी के बंद का असर धनबाद में भी देखने को मिला। बंद के समर्थन में बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और पुलिस लाइन के समीप सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्त्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आसपास की दुकानों में पहुंचकर दुकानदारों से दुकानें बंद रखने और बंद को समर्थन देने की अपील भी की।
कार्यकर्ताओं के सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने से इलाके में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण आम राहगीरों के साथ-साथ छात्रों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जेपीएससी की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया। इसी के विरोध में पार्टी ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

