
टीम अनंत सोच
धनबाद: सदर अस्पताल को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कई नई सुविधाओं की शुरुआत की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर में कार-बाइक पार्किंग शेड, RBSK केंद्र, मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड तथा ओपीडी और सिविल सर्जन कार्यालय के नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप धनबाद सदर अस्पताल राज्य के बेहतर सदर अस्पतालों की श्रेणी में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के सहयोग का भी उल्लेख किया।
नई पार्किंग शेड के निर्माण से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को वाहन खड़ा करने में सुविधा होगी। वहीं, मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। पुनर्निर्मित OPD परिसर से मरीजों के इलाज और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को भी अधिक सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत 11 से 22 अगस्त तक विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक जिले में करीब 700 बच्चों की जांच की जा चुकी है।
उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान यदि किसी बच्चे में गंभीर बीमारी या जन्मजात समस्या पाई जाती है, तो उसके इलाज और आवश्यक सर्जरी की व्यवस्था पूरी तरह मुफ्त की जाएगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र बच्चों की सर्जरी सदर अस्पताल में ही कराने का है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि उनके आसपास यदि 18 वर्ष से कम उम्र का कोई बच्चा जन्मजात बीमारी अथवा गंभीर स्वास्थ्य समस्या से पीड़ित है, तो इसकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय पर उसकी जांच कराकर उचित इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि नई सुविधाओं के जरिए सदर अस्पताल को धनबाद का आधुनिक, सुविधाजनक और आम लोगों के लिए सुलभ चिकित्सा केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे अस्पताल में प्रतिदिन पहुंचने वाले सैकड़ों मरीजों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज,सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डीपीसी रेखा सिंह सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

