
टीम अनंत सोच
धनबाद: श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार, 17 अगस्त को भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में आंगनबाड़ी सेविकाओं सहित बड़ी संख्या में श्रमिकों ने हिस्सा लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरना के दौरान श्रमिकों ने केंद्र सरकार से न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। साथ ही ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने तथा पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता देने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने ईपीएफ की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये और ईएसआई की सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग भी रखी। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने की मांग को लेकर भी प्रदर्शनकारियों ने जोर दिया।
आंगनबाड़ी सेविकाओं सहित विभिन्न योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने और उनके मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी की मांग भी प्रमुख रही। वहीं, श्रम संहिताओं में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने की मांग करते हुए भारतीय मजदूर संघ ने आंदोलन को आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी।
भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में आयोजित विरोध-प्रदर्शन की कड़ी में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भी श्रमिकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

