
टीम अनंत सोच
धनबाद: कोलांचल में दुर्गोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। इसी क्रम में धनबाद के स्टील गेट स्थित दुर्गा पूजा समिति की ओर से शुक्रवार को पूजा मंडप के समीप वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत खूंटी पूजन किया गया। खूंटी पूजन के साथ ही क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह और तैयारियों का माहौल बनने लगा है।
समिति के सदस्यों के अनुसार स्टील गेट में इस वर्ष दुर्गा पूजा का 38वां आयोजन किया जा रहा है। पूजा को भव्य स्वरूप देने के लिए करीब 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस बार पूजा पंडाल को विशेष आकर्षण के रूप में तैयार किया जा रहा है।
पूजा पंडाल की थीम काल्पनिक मोर पर आधारित होगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। पंडाल निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल से कारीगर बुलाए जाएंगे, जो अपनी कला और हुनर से भव्य संरचना को आकार देंगे।
खूंटी पूजन के दौरान समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर दुर्गोत्सव के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की गई। समिति ने बताया कि खूंटी पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण समेत अन्य तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आने वाले दिनों में स्टील गेट क्षेत्र में दुर्गा पूजा की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

