टीम अनंत सोच 

धनबाद। भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर धनबाद के टाउन हॉल सभागार में ‘छात्र-युवा संसद’ का आयोजन किया गया। आइसा (AISA) और ‘GEN-Z रायजिंग झारखंड चैप्टर’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो समेत विभिन्न राज्यों से आए छात्र प्रतिनिधियों और युवा नेताओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती में अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई कर अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

छात्र-युवा संसद में देश की करीब 37 करोड़ की Gen-Z आबादी और युवाओं के बीच बढ़ती बेरोजगारी पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर देते हुए “स्कूल ठीक करो, शिक्षा सुधारो” का नारा दिया।

सभा के दौरान युवाओं और छात्र नेताओं ने आंदोलन में शामिल छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग भी उठाई। साथ ही लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को कानूनी अड़चनों से मुक्त कर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की गई। कार्यक्रम में युवाओं ने भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और रोजगार के अधिकार को लेकर एकजुट होकर आवाज बुलंद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *