टीम अनंत सोच 

धनबाद: झरिया मास्टर प्लान के तहत पुनर्वास और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों की जमीनी स्थिति जानने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर मंगलवार को झरिया पहुंचे। अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के दौरान उन्होंने करमाटांड़ और बेलगड़िया फेस-5 स्थित पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुनर्वास स्थलों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।

बेलगड़िया पहुंचने पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और कपड़ा उद्योग की संयुक्त सचिव अलका नंदा दयाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तरुण कपूर का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पुनर्वास क्षेत्र का निरीक्षण किया और वहां रह रहे लोगों से जनसंवाद किया।

जनसंवाद के दौरान विस्थापितों और रैयतों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपा। लोगों ने जमीन के बदले उचित मुआवजा देने के साथ-साथ लंबे समय से लंबित मुआवजे का भुगतान कराने की मांग रखी। वहीं आरएसपी कॉलेज के स्थायीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि कॉलेज से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का भविष्य जुड़ा है, ऐसे में इसके स्थायीकरण की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए।

विस्थापित परिवारों ने बेलगड़िया में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली, पेयजल और बिजली की समस्या भी तरुण कपूर के सामने रखी। लोगों ने जर्जर आवासों की मरम्मत, पहले से बसाए गए परिवारों को दो आवास उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।

दौरे के दौरान तरुण कपूर ने अग्नि प्रभावित क्षेत्रों और पुनर्वास स्थलों की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद झरिया मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई।

अब विस्थापित परिवारों और स्थानीय लोगों की नजर इस दौरे के बाद होने वाली कार्रवाई पर है। लोगों को उम्मीद है कि जनसंवाद के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *