टीम अनंत सोच 

धनबाद:धनबाद के झरिया में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोदना क्षेत्र की बरारी छह नंबर बस्ती में गुरुवार को अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते जमीन का एक हिस्सा धंस गया। जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं, जिनसे जहरीला धुआं निकलने लगा और आग की लपटें भी दिखाई दीं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से सहम गए।

भू-धंसान वाली जगह के पास से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी गुजरती है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि जमीन के नीचे की स्थिति नियंत्रित नहीं हुई और धंसान का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है।

स्थानीय नेता सबूर गोराई ने घटना के लिए अवैध कोयला खनन और कथित अवैध सुरंगों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधन की ओर से प्रभावित इलाके में भराई कराने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि महज भराई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनका कहना है कि पहले जमीन के नीचे की वास्तविक स्थिति की जांच कर आग और जहरीली गैस के खतरे को खत्म करना जरूरी है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *