
टीम अनंत सोच
धनबाद: शिक्षक दिवस के अवसर पर असर्फ़ी हॉस्पिटल, धनबाद की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। समारोह में धनबाद के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े करीब 28 प्रतिष्ठित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असर्फ़ी हॉस्पिटल के सीईओ हरेंद्र सिंह ने सभी सम्मानित शिक्षकों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने के साथ-साथ देश की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही शिक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
समारोह में सम्मान के साथ शिक्षकों के स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चा हुई। अस्पताल प्रबंधन ने शिक्षकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की। अस्पताल की ओर से सभी शिक्षकों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
अपने संबोधन में हरेंद्र सिंह ने शिक्षकों से आशीर्वाद लेते हुए कहा कि असर्फ़ी हॉस्पिटल बेहतर चिकित्सा सुविधा, गुणवत्तापूर्ण इलाज और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और शिक्षकों के आशीर्वाद से अस्पताल आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और मानवीय संवेदनाओं के साथ स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ता रहेगा।
सम्मानित शिक्षकों ने भी असर्फ़ी हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित करना समाज में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने वाला सराहनीय कदम है। शिक्षकों ने अस्पताल प्रबंधन को इस पहल के लिए धन्यवाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक दिवस पर आयोजित यह समारोह शिक्षा और स्वास्थ्य के बीच जुड़ाव का संदेश देने के साथ उन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बना, जो वर्षों से समाज और नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

