
टीम अनंत सोच
धनबाद : धनबाद में पत्रकारों के बीच आयोजित दो दिवसीय मानसून खेल महोत्सव का गुरुवार को समापन हो गया। धनबाद प्रेस क्लब और 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के संयुक्त तत्वावधान में मेमको मोड़ स्थित 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में पत्रकारों ने कैरम, लूडो, शतरंज और बैडमिंटन में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
समापन समारोह में धनबाद के डीएफओ विकास पालीवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न अखबारों के संपादक, 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के सीएमडी श्याम पांडे, धनबाद प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
दो दिनों तक चली प्रतियोगिता के बाद विभिन्न खेलों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, पत्रकारों के बीच लॉटरी के माध्यम से आकर्षक उपहार भी वितरित किए गए।
खेल महोत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के वॉलेंटियर्स और अंपायर्स को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर मौजूद अतिथियों और पत्रकारों ने खेल महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना और तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस तरह दो दिनों तक चले खेल, उत्साह और मनोरंजन से भरपूर मानसून खेल महोत्सव का पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ।

