टीम अनंत सोच 

धनबाद :धनबाद में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही ने एक बार फिर एक बुजुर्ग की जान ले ली। धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ स्थित भगत जी मंदिर के समीप एफसीआई के चावल लदे ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय साइकिल सवार सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रक में तोड़फोड़ की। वहीं, घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

बताया जाता है कि डहुआटांड़ के कटिहार मार्केट निवासी सुरेश चौरसिया रात करीब 9:45 बजे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप एफसीआई का चावल लदा ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि सुरेश चौरसिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए सड़क जाम कर दिया।

सूचना मिलते ही धनसार थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एफसीआई के ट्रकों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यह तीसरी घटना है, जिसमें एफसीआई के ट्रक की चपेट में आकर किसी राहगीर की जान गई है।

स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरमसिया एफसीआई गोदाम से मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक तक जाने वाली सड़क काफी संकरी और भीड़भाड़ वाली है। इसके बावजूद शाम से ही इस मार्ग पर भारी ट्रकों की आवाजाही शुरू हो जाती है, जिससे जाम की स्थिति के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

हादसे के बाद रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से सरकारी चावल की बोरियां निकालनी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि करीब आधे ट्रक का चावल चोरी कर लिया गया। पुलिस ने चावल ले जा रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह स्थानीय समाजसेवी और जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए बातचीत का प्रयास जारी रहा। वहीं, अंतिम संस्कार के लिए कुंभनाथ सिंह की ओर से मृतक के परिवार को तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *