टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के जगजीवन नगर में भाजपा की सेवा संकल्प यात्रा के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मशाल से निकली जलती हुई चिंगारी विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर जा गिरी। चिंगारी गिरते ही विधायक के कपड़े में आग लग गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के दौरान सांसद ढुल्लू महतो और विधायक शत्रुघ्न महतो दोनों बाल-बाल बच गए।

दरअसल, भाजपा की ओर से जगजीवन नगर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान सांसद ढुल्लू महतो मीडिया को बयान दे रहे थे और उनके ठीक पीछे विधायक शत्रुघ्न महतो मौजूद थे।

इसी बीच मशाल से अचानक निकली जलती हुई अंगार विधायक की शर्ट पर जा गिरी। देखते ही देखते शर्ट में आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए आग बुझाई।

हालांकि आग की वजह से विधायक की शर्ट जल गई, लेकिन राहत की बात रही कि उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई।

घटना के कुछ पल के लिए मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक छोटी सी चिंगारी बड़ी घटना का कारण बन सकती थी, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और सांसद ढुल्लू महतो तथा विधायक शत्रुघ्न महतो बाल-बाल बच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *