टीम अनंत सोच 

धनबाद:  भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को टीबी उन्मूलन की मुहिम से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को धनबाद में JOSH (Joint Squad for Health) Teams अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा JOSH Teams के साथ इसके लोगो और मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया गया।

धनबाद में कार्यक्रम की शुरुआत विधायक प्रतिनिधि अभिषेक पांडे, वार्ड पार्षद लक्ष्मी देवी, जिला युवा पदाधिकारी सूर्यकांत कुमार, अदानी फाउंडेशन के प्रदीप पांडे, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रेखा कुमारी एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद के चेयरमैन कौशलेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

JOSH Teams के जरिए युवाओं को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और नियमित एवं पूर्ण उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही टीबी मरीजों को भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग देने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा बीमारी को लेकर समाज में फैले भ्रम और भेदभाव को दूर करने के लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रेखा कुमारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। युवाओं में ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को देखते हुए उन्हें JOSH Teams के माध्यम से इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने युवाओं और विभिन्न संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

विधायक प्रतिनिधि अभिषेक पांडे ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से समुदाय के बीच टीबी को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और मरीजों को आवश्यक सहयोग भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के जरिए “टीबी मुक्त धनबाद, टीबी मुक्त भारत” के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में अभियान को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, युवा प्रतिनिधियों, NCC, NSS एवं राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) से जुड़े कर्मियों ने टीबी उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से काम करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी देवी, जिला यक्ष्मा केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी (MO), जिला कार्यक्रम समन्वयक (DPC) कौशलेंद्र कुमार सिंह, DPS खुशबू कुमारी, DPPM मजहर, जिला युवा पदाधिकारी सूर्यकांत कुमार, DEO राजेश कुमार, NTEP काउंसलर सरिता कुमारी, नौशाद अंसारी (STLS), तनवीर आलम (TBHV), कल्याण सिंह (BAM), NCC के CTO डॉ. दिव्या चंद्र दुबे एवं CTO अमित कुमार सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) सहित NTEP के कर्मी मौजूद रहे।

195 मरीजों के लिए पोषण पोटली

कार्यक्रम के दौरान अदानी फाउंडेशन की ओर से बलियापुर और झरिया प्रखंड के टीबी मरीजों के लिए कुल 195 पोषण पोटली उपलब्ध कराई गईं। इसी क्रम में चासनाला में 35 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।

जिला यक्ष्मा नियंत्रण समिति, धनबाद ने संबंधित पदाधिकारियों, युवा प्रतिनिधियों, NCC, NSS और सभी NTEP कर्मियों से JOSH Teams अभियान को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *