टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के बरटांड़ में जिला परिषद की एक दुकान के मालिकाना हक को लेकर विवाद गहरा गया है। दुकान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न होने के बाद धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

मामला कांग्रेस नेता मनोज सिंह की शिकायत से जुड़ा है। मनोज सिंह का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी बंद पड़ी दुकान का ताला तोड़कर वहां साफ-सफाई की जा रही है। आसपास के दुकानदारों से इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने धनबाद थाना में शिकायत दर्ज कराई।

मनोज सिंह के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2011 में सीमा सरकार नामक महिला से तीन लाख रुपये देकर उक्त दुकान ली थी। उनका दावा है कि दुकान लेने के बाद से ही वह नियमित रूप से जिला परिषद में किराया जमा करते आ रहे हैं। मनोज सिंह ने दुकान से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज अपने पास होने की बात भी कही है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुकान के वास्तविक मालिकाना हक और ताला तोड़कर साफ-सफाई किए जाने के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *