18 लाख रुपये के बजट से हो रही दुर्गा पूजा की तैयारी, 12 सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी; पत्रकारों व फोटोग्राफरों को किया गया सम्मानित

टीम अनंत सोच
धनबाद: दुर्गा पूजा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तेतुलतल्ला पूजा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तेतुलतल्ला मैदान में समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर पूजा की तैयारियों, पंडाल की विशेषताओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण 75 फीट ऊंचा विशेष थीम पर आधारित पंडाल होगा, जिसे गतिशील स्वरूप दिया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए 300 वॉलंटियरों की टीम तैनात रहेगी।
समिति के सचिव सुरेन्द्र यादव ने बताया कि इस बार पंडाल को मूविंग थीम पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें पंडाल के विभिन्न दृश्य चलते और नृत्य करते हुए नजर आएंगे। पंडाल के अंदर एनाकोंडा, बादलों के दृश्य, चहचहाते पशु-पक्षी, घोड़े और ध्यानमग्न महात्माओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। मां दुर्गा की प्रतिमा में पारंपरिक ढाक शैली का स्वरूप बरकरार रखा जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को परंपरा और आधुनिक कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
18 लाख रुपये का बजट, पंडाल पर खर्च होंगे 8 लाख
सचिव ने बताया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा आयोजन का कुल बजट लगभग 18 लाख रुपये रखा गया है। इसमें करीब 8 लाख रुपये पंडाल निर्माण, 2 लाख रुपये लाइटिंग और 1 लाख रुपये मां दुर्गा की प्रतिमा पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि अन्य व्यवस्थाओं और आयोजन संबंधी कार्यों पर खर्च होगी। उन्होंने कहा कि समिति हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा को भव्य रूप देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे पूजा परिसर में 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था होगी। परिसर में जगह-जगह 300 वॉलंटियर तैनात रहेंगे, जो भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे। पूजा परिसर में 12×8 फीट की एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी।
समिति की ओर से महिलाओं के लिए शौचालय, पीने के पानी, प्राथमिक उपचार केंद्र, पुलिस कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों और महिलाओं के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे, जबकि बड़ों के लिए बड़ा झूला आकर्षण का केंद्र रहेगा।
सुरेन्द्र यादव ने बताया कि वर्ष 2024 में मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति को प्रथम पुरस्कार मिला था। इस बार भी बेहतर प्रबंधन और अनुशासित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकारों और फोटोग्राफरों को किया सम्मानित
प्रेस वार्ता के दौरान समिति की ओर से धनबाद के पत्रकारों और फोटोग्राफरों को चुनरी एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सचिव सुरेन्द्र यादव ने कहा कि मीडिया के लोग पूरे साल मेहनत कर विभिन्न आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर पूजा समितियों द्वारा मीडिया कर्मियों के योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया जाता, लेकिन तेतुलतल्ला पूजा समिति मीडिया के साथियों को अपने परिवार का हिस्सा मानती है। इसी भावना के साथ समिति हर वर्ष पत्रकारों और फोटोग्राफरों को सम्मानित करती है।
समिति ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी तेतुलतल्ला की दुर्गा पूजा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी और बेहतर सुरक्षा, सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा भव्य पंडाल के माध्यम से लोगों को यादगार अनुभव मिलेगा।

