संवेदनशील इलाकों से पूजा पंडालों तक सुरक्षा व्यवस्था की जांच, भीड़ प्रबंधन और यातायात सुचारु रखने पर जोर

टीम अनंत सोच 

धनबाद: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को सिटी हॉक्स की पेट्रोलिंग टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आवागमन और यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना था। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुआ और झारखंड मैदान, डीएस कॉलोनी, बरमसिया, गजुआटांड़, मनईटांड़, गांधी नगर, हावड़ा मोटर, जोराफाटक, धनसार, बैंक मोड़, नया बाजार, वासेपुर, भूली, विनोद बिहारी चौक, बाबूडीह, झाड़ूडीह, बेकारबांध, सिटी सेंटर, हाउसिंग कॉलोनी, पुलिस लाइन और सरायढेला स्टील गेट होते हुए गोल बिल्डिंग तक पहुंचा।

इस अभियान में डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, डीएसपी सीसीआर प्रदीप साव, डीएसपी ट्रैफिक रोहित साव, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय, बैंक मोड़ थाना प्रभारी असित सिंह, धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार और भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

पूजा समितियों को दिए गए सुरक्षा संबंधी निर्देश

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा गया।

शहर के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के घरों से निकलकर पंडालों और मेलों में पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश

फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त रुख का संदेश दिया। साथ ही आम नागरिकों को भरोसा दिलाने का प्रयास किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी।

धनबाद पुलिस का लक्ष्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय के पूजा-अर्चना कर सकें और मेले का आनंद उठा सकें। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *