झारखंड आंदोलन के शहीदों की तस्वीरें विधानसभा में लगाने की मांग, प्रभात फेरी और सर्वधर्म प्रार्थना सभा का हुआ आयोजन

टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता, समाजसेवी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्व जिलाध्यक्ष शहीद मनींद्रनाथ मंडल की 32वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को सरायढेला स्थित शहीद मैदान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहीद मनींद्रनाथ मंडल स्मारक समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद सर्वधर्म प्रार्थना सभा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने शहीद मनींद्रनाथ मंडल के संघर्ष, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने कहा कि मनींद्रनाथ मंडल ने झारखंड राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों, विस्थापितों के हितों तथा महिलाओं के सम्मान के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। उन्होंने दहेज प्रथा और नारी उत्पीड़न के खिलाफ भी जनजागरण अभियान चलाया था। वक्ताओं ने कहा कि उनके विचारों को अपनाना और उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर शहीद की पत्नी रेखा मंडल ने झारखंड आंदोलनकारियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि झारखंड आंदोलन के सभी शहीदों की तस्वीरें विधानसभा में लगाई जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, बलिदान और राज्य निर्माण में उनके योगदान से परिचित हो सकें।

वहीं, विधायक राज सिन्हा ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन मनींद्रनाथ मंडल का सपना था, लेकिन उनके कई सपने आज भी अधूरे हैं। उन सपनों को साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

श्रद्धांजलि सभा में शहीद के पुत्र सत्यजीत मंडल, पुत्री आनंदिता मंडल सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। पूर्व सांसद पीएन सिंह, पूर्व सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल, पूर्व मंत्री आबो देवी, पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय झा, झामुमो नेता रमेश टुडू और भाजपा नेत्री तारा देवी समेत कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मागा प्रसाद महतो ने की, जबकि संचालन गौतम मंडल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *