उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में चला सघन तलाशी अभियान, पांच पुरुष वार्डों समेत महिला और मेडिकल वार्ड की हुई जांच

टीम अनंत सोच
धनबाद : धनबाद मंडल कारा में सोमवार की देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान जेल के विभिन्न वार्डों की सघन तलाशी ली गई। जांच के क्रम में पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद किए गए।
छापेमारी में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बरांगे समेत कई डीएसपी, एसडीपीओ और सैकड़ों पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। अचानक शुरू हुए इस अभियान से जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच की गई।
तलाशी अभियान के तहत जेल के पांच पुरुष वार्डों, महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की जांच की गई। पुरुष वार्डों में तलाशी के लिए अलग-अलग डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीमों को लगाया गया था। वहीं, महिला वार्ड की जांच महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने की। इस दौरान पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन मिलने की जानकारी सामने आई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अभियान का उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना, प्रतिबंधित अथवा अनधिकृत वस्तुओं की मौजूदगी का पता लगाना और सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा करना था।
इसके अलावा मेडिकल वार्ड में भर्ती कैदियों के स्वास्थ्य की जांच विशेष मेडिकल टीम के माध्यम से कराए जाने की बात कही गई। प्रशासन की इस कार्रवाई को जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने और समय-समय पर औचक निरीक्षण के जरिए किसी भी संभावित चूक को रोकने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

