दीप प्रज्ज्वलन, रंगोली प्रतियोगिता, हाउजी और जादूगर शो समेत होंगे कई आकर्षक कार्यक्रम

टीम अनंत सोच
धनबाद : मारवाड़ी विकास ट्रस्ट, धनबाद की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर 31 अक्टूबर को भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को शाम चार बजे से फॉरेस्ट रिसॉर्ट में होने वाले इस कार्यक्रम में 1000 से 1500 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर बुधवार को यूनियन क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेन्द्र तुलस्यान एवं महासचिव सुनील अग्रवाल ने विस्तृत जानकारी दी।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष समारोह को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, मातृशक्ति और युवाओं को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
200 दीपों का होगा सामूहिक प्रज्ज्वलन
समारोह का मुख्य आकर्षण 200 दीपों का सामूहिक वितरण एवं दीप प्रज्ज्वलन होगा। इसके अलावा आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता, थाली सजाओ प्रतियोगिता, बच्चों के लिए विशेष खेल, हाउजी, जादूगर शो और ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति भी होगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है।
1100 रुपये का ब्रिक लॉन्च
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से शुरू की जाने वाली नई परियोजना के लिए मुख्य अतिथि के हाथों ईंट (ब्रिक) लॉन्च करने की परंपरा भी निभाई जाएगी। इसके लिए 1100 रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
100 रुपये के टिकट में भोजन और मनोरंजन
आयोजकों ने बताया कि समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई है। भीड़ के बेहतर प्रबंधन और कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए 100 रुपये का सहयोग टिकट रखा गया है। इस टिकट में भोजन के साथ सभी खेल एवं मनोरंजन कार्यक्रमों का आनंद लिया जा सकेगा।
टिकट लेने वाले प्रत्येक प्रवेशकर्ता को दो कूपन निःशुल्क दिए जाएंगे, जिनसे वे गेम खेल सकेंगे। इसके अतिरिक्त एक लकी ड्रॉ कूपन भी दिया जाएगा। लकी ड्रॉ के विजेताओं को मंच से पुरस्कृत किया जाएगा।
584 सदस्यों से परिवार सहित शामिल होने की अपील
मारवाड़ी विकास ट्रस्ट में वर्तमान में 584 सदस्य हैं। ट्रस्ट ने सभी सदस्यों से अपने परिवार और मित्रों के साथ समारोह में शामिल होने की अपील की है, ताकि आयोजन को यादगार बनाया जा सके।
प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। इनमें अनिल गुप्ता, वेद केजरीवाल, सीए आरबी गोयल, आकाश कुमार अग्रवाल और जितेंद्र अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल थे।
ट्रस्ट की ओर से संजय जैन ने बताया कि समारोह का उद्देश्य दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ समाज में आपसी सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करना है।
