बैंक से रुपये निकालकर घर पहुंची थीं सुनीता देवी, पैर धोने के दौरान वारदात को दिया अंजाम; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार को बैंक ऑफ इंडिया से 20 हजार रुपये निकालकर घर पहुंची एक महिला को निशाना बनाते हुए अज्ञात युवक रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला और उनके परिजनों ने शोर मचाया तथा स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह बाइक से भागने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, भूली निवासी सुनीता देवी दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 20 हजार रुपये निकालकर अपने घर पहुंची थीं। उन्होंने नकदी और बैंक पासबुक को एक प्लास्टिक में रखकर पलंग पर रख दिया। इसके बाद वह पैर धोने चली गईं। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक घर में दाखिल हुआ और रुपये रखे प्लास्टिक को उठाकर भाग निकला।

युवक को भागते देख सुनीता देवी ने शोर मचाया। आवाज सुनकर उनके पति सुरेश ठाकुर और आसपास के लोग आरोपी के पीछे दौड़े, लेकिन वह पहले से तैयार बाइक से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भूली पुलिस सक्रिय हुई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस बैंक ऑफ इंडिया पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बैंक से ही महिला का पीछा किया था और घर पहुंचने के बाद मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *