गोड़तोपा गांव में जरूरतमंद परिवारों को बांटे गए नए कपड़े, भोजन सामग्री, मिठाइयां, दीपक और पटाखे; दानदाताओं के सहयोग से साकार हुआ सेवा का संकल्प

टीम अनंत सोच 

धनबाद: दीपावली की खुशियां हर घर तक पहुंचे और समाज का कोई भी परिवार त्योहार के उल्लास से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से आयुष फाउंडेशन धनबाद ने इस बार घुमंतू परिवारों के बीच दीपावली का उत्सव मनाया। संस्था के सदस्यों ने गोविंदपुर प्रखंड के गोड़तोपा गांव पहुंचकर वहां रहने वाले परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं और उन्हें जरूरत की सामग्री वितरित की।

इस दौरान घुमंतू परिवारों के बीच नए कपड़े, भोजन सामग्री, मिठाइयां, पटाखे, दीपक और बाती का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों और उनके परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। बच्चों के लिए पटाखे और मिठाइयां त्योहार के आकर्षण का केंद्र बने, वहीं नए कपड़ों और अन्य जरूरी सामान ने परिवारों की दीपावली को खास बना दिया।

इस आयोजन की विशेषता यह रही कि इसे अनेक दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से सफल बनाया गया। किसी ने भोजन सामग्री उपलब्ध कराई, तो किसी ने नए कपड़ों की व्यवस्था की। कुछ लोगों ने मिठाइयां और पटाखे दिए, जबकि अन्य ने दीपक और बाती उपलब्ध कराकर जरूरतमंद परिवारों के घरों को रोशन करने में योगदान दिया। संस्था ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि हर छोटा-बड़ा सहयोग किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है।

कार्यक्रम में संस्था की सचिव श्रीमती अर्पिता अग्रवाल ने ग्रामीण परिवारों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके बीच खुशियां बांटीं। वहीं, संस्था के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने बच्चों एवं ग्रामीणों के साथ पटाखे जलाकर दीपावली का आनंद साझा किया।

इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल अपने घरों को रोशन करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचाना है। आयुष फाउंडेशन लगातार इस दिशा में प्रयासरत है कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग भी त्योहारों की खुशियों में समान रूप से सहभागी बन सकें।

गोडतोपा गांव में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल बनकर सामने आया। बच्चों की मुस्कान और परिवारों की खुशी ने यह संदेश दिया कि त्योहार की असली सार्थकता दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है।

कार्यक्रम में अर्पिता अग्रवाल, गणेश शर्मा, उषा, टीना, तनिषा, प्रीतम, रानी, अग्रिम, रमजान, रोशन एवं दीपक  शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *