सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक दौड़े स्कूली बच्चे और सामाजिक कार्यकर्ता, सौ से अधिक बच्चों को पौष्टिक नाश्ता वितरित

टीम अनंत सोच
धनबाद: विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर धनबाद में मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। धनबाद एक्शन ग्रुप एवं डायबिटीज एंड हार्ट रिसर्च सेंटर (DHRC) के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय RSSDI के उपाध्यक्ष एवं हृदय व मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ एन के सिंह के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक ‘रन फॉर डायबिटीज’ का आयोजन हुआ। इसकी खास बात यह रही कि शहर की दो महिला सफाईकर्मी माला देवी और करुणा देवी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ का समापन गांधी सेवा सदन, रणधीर वर्मा चौक पर हुआ। यहां सौ से अधिक स्कूली बच्चों को स्वस्थ खानपान और नियमित व्यायाम के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के बीच पौष्टिक नाश्ते का वितरण किया गया।
वहीं, विश्व मधुमेह दिवस के प्रतीक नीले रंग के गुब्बारों से श्रमिक चौक को सजाया गया। इसके माध्यम से लोगों को मधुमेह से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डॉ एन के सिंह ने कहा कि मधुमेह के खिलाफ लड़ाई केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसकी शुरुआत घर, स्कूल, रसोई और खेल के मैदान से होनी चाहिए। बच्चों में बचपन से ही पौष्टिक भोजन, नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली की आदत विकसित करना जरूरी है। उन्होंने दालचीनी, लौंग, धनिया, टमाटर, गाजर, मूली, साग, मिर्च, अदरक, मेवे, तिसी और अंकुरित चने जैसे खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी लाभ भी बताए।
जयपुर से आए डॉ वैभव अग्निहोत्री ने बच्चों को पिज्जा, बर्गर, इंस्टेंट नूडल्स और मैदे से बने खाद्य पदार्थों के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी। उन्होंने स्वस्थ खानपान को बेहतर जीवनशैली का आधार बताया।
लंदन से आए हर्ष प्रताप ने घर पर आसानी से किए जा सकने वाले रेजिस्टेंस एक्सरसाइज का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले व्यायाम मधुमेह की रोकथाम और नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं कर्नल एल पी सिंह ने नियमित व्यायाम, अनुशासन और संतुलित खानपान अपनाने पर जोर दिया। फ्रांस से एमबीए की शिक्षा प्राप्त ऋषभ मनस्वी ने बच्चों को प्रतिदिन खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए अधिक समय निकालने के लिए प्रेरित किया।
डॉ एन के सिंह ने कहा कि धनबाद से शुरू किया गया यह जनजागरूकता अभियान समाज के हर वर्ग को जोड़कर मधुमेह की रोकथाम की दिशा में एक नई पहल है। उन्होंने स्वस्थ बचपन को स्वस्थ भारत का आधार बताते हुए कहा कि मधुमेह से बचाव के लिए जागरूकता और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम में डॉ एन के सिंह, डॉ वैभव अग्निहोत्री, रवि मित्तल, अशोक चौधरी, रंजीत कुमार दसौंधी (संचालक, निःशुल्क ग्रामीण फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर, कपूरिया), रवि श्रीवास्तव, धीरज शर्मा, रमेश गांधी, शकील अहमद, लल्लू सिंह, मुकेश कुमार, तनवीर खान, अमित सिंह, हर्ष प्रताप, ऋषभ मनस्वी एवं भगवान दास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और विद्यार्थी उपस्थित थे।

