टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में छठ महापर्व के दौरान शहर के घाटों की साफ-सफाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के सम्मान में मेयर संजीव सिंह ने विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। सिंह मेंशन स्थित अपने आवासीय परिसर में आयोजित इस समारोह में झरिया विधायक रागिनी सिंह भी मौजूद रहीं। मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह ने अपने हाथों से सभी सफाई कर्मचारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद सभी कर्मचारियों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।

इस मौके पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान सफाई कर्मचारियों ने जिस मेहनत, लगन और कार्यकुशलता के साथ घाटों की सफाई की, वह बेहद सराहनीय है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में इन कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है। अक्सर नगर निगम और जिला प्रशासन के कार्यों की चर्चा होती है, लेकिन जमीनी स्तर पर दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई कर्मचारियों के योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाता। इसी योगदान को पहचान देने और उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से सम्मान समारोह आयोजित किया गया है।

वहीं, सम्मानित सफाई कर्मचारियों ने इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए मेयर संजीव सिंह के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अंगवस्त्र देकर सम्मानित किए जाने और सामूहिक भोज के आयोजन से उन्हें काफी खुशी मिली है। कर्मचारियों ने मेयर को धन्यवाद देते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *