यूथ कांग्रेस ने दिया समर्थन, मांगें पूरी नहीं होने पर कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी

टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में ब्लिंकिट डिलीवरी वर्करों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर उतर आया। अशर्फी अस्पताल के समीप स्थित ब्लिंकिट डिलीवरी कार्यालय में सैकड़ों डिलीवरी पार्टनर्स ने विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर दी। कर्मियों ने स्थानीय मैनेजर पर मनमानी, दुर्व्यवहार और भुगतान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

हड़ताल कर रहे डिलीवरी वर्करों का कहना है कि ब्लिंकिट के अन्य आउटलेट में डिलीवरी पार्टनर्स को बेहतर भुगतान के साथ मौसम के अनुकूल सुविधाएं और अतिरिक्त चार्ज का लाभ दिया जाता है, लेकिन धनबाद कार्यालय में उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान ग्राहकों से 15 से 20 रुपये तक अतिरिक्त चार्ज लिया जाता है, लेकिन यह राशि डिलीवरी कर्मियों को नहीं दी जाती है।

वर्करों ने बताया कि अन्य कार्यालयों में 11 किलोमीटर तक की डिलीवरी पर अतिरिक्त भुगतान की व्यवस्था है, जबकि धनबाद में इस सुविधा से उन्हें वंचित रखा जा रहा है। स्थानीय मैनेजर पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने और समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कर्मियों ने एकजुट होकर हड़ताल शुरू कर दी।

आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह ने कहा कि डिलीवरी वर्करों के साथ अन्याय का मामला पहले भी सामने आया था। उस समय यूथ कांग्रेस ने उनके अधिकारों के लिए आंदोलन किया था और प्रबंधन को मांगों पर ध्यान देने के लिए बाध्य किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी डिलीवरी कर्मियों को कम पेआउट, मौसम के नाम पर मिलने वाले अतिरिक्त चार्ज और अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। आदित्य कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन और स्थानीय मैनेजर ने वर्करों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो यूथ कांग्रेस ब्लिंकिट के धनबाद कार्यालय समेत झारखंड के अन्य कार्यालयों में भी तालाबंदी आंदोलन करेगी।

डिलीवरी वर्करों की हड़ताल के कारण फिलहाल कार्यालय का कामकाज प्रभावित है। कर्मियों ने मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया है। अब कंपनी प्रबंधन की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *