
टीम अनंत सोच
धनबाद: जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग की ओर से सोमवार को कोहिनूर मैदान स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस के सभी कक्षों को खोलकर ईवीएम की सुरक्षा, रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगी, झामुमो जिला अध्यक्ष लखी सोरेन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सभी ईवीएम मशीनें सुरक्षित अवस्था में रखी गई हैं तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त है। उन्होंने कहा कि भवन का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) अभी प्राप्त नहीं हुआ है, जिसका उल्लेख निरीक्षण रिपोर्ट में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों एवं रखरखाव से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। तैयार रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।
के. रवि ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन माह पर राज्य के सभी जिलों में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत सोमवार को धनबाद सहित पूरे झारखंड के जिलों में त्रैमासिक समीक्षा की गई, ताकि ईवीएम की सुरक्षा और संरक्षण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
