
टीम अनंत सोच
धनबाद: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलियापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई रखितपुर रेलवे गुमटी के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर किसी ग्राहक के इंतजार में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध वहां से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास मौजूद दो बैगों की तलाशी लेने पर करीब 16 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पूरी कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,सिंदरी श्री प्रकाश चंद्र महतो की उपस्थिति में संपन्न हुई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी, इसका गंतव्य क्या था और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने की कोशिश की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बलियापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
