
टीम अनंत सोच
धनबाद: ऑल इंडिया पोस्टल एम्प्लाइज यूनियन (पोस्टमैन एवं एमटीएस), झारखंड सर्किल की राज्यस्तरीय बैठक रविवार को धनबाद के बेकारबांध स्थित एप्पल रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए यूनियन पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय अध्यक्ष लाल यशवंत नाथ शाहदेव ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना था। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों और कर्मचारियों से जुड़े विषयों को बैठक में रखा।
बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को गति देने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पारित महत्वपूर्ण प्रस्तावों और निर्णयों को आगे की कार्रवाई के लिए केंद्रीय कमेटी के समक्ष भेजने का निर्णय लिया गया।
लाल यशवंत नाथ शाहदेव ने कहा कि यूनियन कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

