
टीम अनंत सोच
धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) के बाहर संचालित खाद्य दुकानों और ठेलों की गुणवत्ता जांचने के लिए सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने अस्पताल परिसर के बाहर बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार ने संबंधित दुकानदारों को कमियों को दूर करने के लिए सात दिनों का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर सुधार नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जुर्माना सहित नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया। वहां उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार ने कहा कि एसएनएमएमसीएच जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं। ऐसे में उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके और आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न हो।

