

टीम अनंत सोच
धनबाद : विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से रांची के आड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय लेंस उत्सव-2026 का समापन हुआ। समारोह में धनबाद के फोटोग्राफरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग श्रेणियों में तीन पुरस्कार हासिल किए।
नेचर श्रेणी में धनबाद के फोटोग्राफर चंदन पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं फेस्टिवल श्रेणी में धनबाद के फोटो जर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल विजेता बने। स्ट्रीट फोटोग्राफी में चंदन स्टूडियो के राजकुमार सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल कर धनबाद का नाम रोशन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए फोटोग्राफी को समाज और समय को दस्तावेज के रूप में सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
लेंस उत्सव के दौरान झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के फोटो जर्नलिस्टों एवं फोटोग्राफरों की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक, वन्यजीव और पर्यटन से जुड़ी तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया। आयोजन में करीब दो सौ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि कई बार एक तस्वीर उन भावनाओं और घटनाओं को व्यक्त कर देती है, जिन्हें हजार शब्दों में बताना मुश्किल होता है। फोटोग्राफर अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय की महत्वपूर्ण घटनाओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखते हैं। एक तस्वीर किसी घटना, व्यक्ति या परिस्थिति की स्मृति को लंबे समय तक जीवित रखने का काम करती है।
समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे फोटो जर्नलिस्टों ने अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज, संस्कृति और बदलते समय की तस्वीर पेश की।
विभिन्न श्रेणियों में विजेता
नेचर: चंदन पाल प्रथम, अभिषेक द्वितीय, श्रुति सहाय तृतीय।
फेस्टिवल: सुभोजीत घोषाल प्रथम, रुद्र रंजीत द्वितीय, राजेश कुमार तृतीय।
स्ट्रीट फोटोग्राफी: सलार खान प्रथम, राजकुमार सिंह द्वितीय, गौरव हर्ष तृतीय।
टूरिज्म: बिमल तमांग प्रथम, रवि सिंह द्वितीय, प्रीतम कुमार तृतीय।
वाइल्डलाइफ: यश युवराज प्रथम, अक्षय आकाश द्वितीय, राजेश कुमार तृतीय।
आयोजन में शामिल फोटो जर्नलिस्टों ने लेंस उत्सव को फोटोग्राफी के क्षेत्र में सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से फोटोग्राफरों को अपनी रचनात्मकता, तकनीक और अलग दृष्टिकोण को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

