हृदय, कैंसर, न्यूरो, गैस्ट्रो समेत कई गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए नहीं करनी पड़ेगी बार-बार कोलकाता की यात्रा

टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए आधुनिक एवं सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच अब और आसान होने जा रही है। अपोलो मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोलकाता के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक अब नियमित रूप से कैलाश हॉस्पिटल, धनबाद में ओपीडी सेवा प्रदान करेंगे। इस पहल से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए बार-बार कोलकाता की लंबी यात्रा करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

धनबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में कैलाश हॉस्पिटल के डॉ आशीष बजाज ने बताया कि अपोलो हॉस्पिटल, कोलकाता के सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर निर्धारित समय पर धनबाद आकर मरीजों को परामर्श देंगे। इस सेवा के तहत हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और ऑन्कोलॉजी समेत विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों के विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कैंसर और महिलाओं से जुड़ी बीमारियों के विशेषज्ञ भी देंगे परामर्श

अपोलो हॉस्पिटल, कोलकाता की विशेषज्ञ डॉ मोनिका मीणा ने बताया कि कैंसर तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों के लिए भी विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बीमारी की जांच, आवश्यक उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया को लेकर विशेषज्ञ सलाह मिल सकेगी।

विशेषज्ञों ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों में शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद महत्वपूर्ण होता है। शुरुआती चरण में बीमारी की पहचान होने पर उपचार की योजना अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकती है। ओपीडी सेवा के माध्यम से मरीजों को संभावित लक्षणों, आवश्यक जांच और आगे के उपचार की दिशा में विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सकेगा।

रोबोटिक सर्जरी से संबंधित विशेषज्ञ सलाह भी मिलेगी

इस पहल की एक खास विशेषता रोबोटिक सर्जरी से संबंधित विशेषज्ञता और आधुनिक उपचार विकल्पों की जानकारी भी है। मरीज धनबाद में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी बीमारी पर चर्चा कर आधुनिक उपचार की संभावनाओं और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

इससे गंभीर मरीजों और उनके परिजनों का समय, लंबी यात्रा की परेशानी और अतिरिक्त खर्च कम होने की संभावना है। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर मरीज आगे के उपचार की उचित योजना बना सकेंगे।

आसपास के जिलों के मरीजों को भी होगा लाभ

अपोलो कोलकाता की सुपर स्पेशलियटी ओपीडी सेवा शुरू होने से धनबाद के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से क्षेत्र में आधुनिक और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

प्रेस वार्ता में कैलाश हॉस्पिटल के डॉ आशीष बजाज, अपोलो हॉस्पिटल, कोलकाता की विशेषज्ञ डॉ मोनिका मीणा, डॉ देबोज्योति चक्रवर्ती, धर्मेंद्र कुमार राय, डॉ सोजत चक्रवर्ती, झारखंड इंचार्ज किंगसुक पाल तथा सुशांत पाइक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *