
टीम अनंत सोच
धनबाद : धनबाद के आठ लेन स्थित डॉ मिहीर किडनी केयर हॉस्पिटल में काम के दौरान हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे एक मिस्त्री के परिजनों ने इलाज के लिए मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर घायल के समुचित इलाज की जिम्मेदारी नहीं लेने का आरोप लगाया।
परिजनों के अनुसार, गोविंदपुर के मिल्लत नगर निवासी एजाज अंसारी पिछले करीब डेढ़ वर्षों से डॉक्टर मिहीर किडनी केयर हॉस्पिटल में गेट और ग्रिल लगाने सहित अन्य निर्माण कार्य कर रहे थे। बताया गया कि तीन सितंबर को अस्पताल की छत पर काम करने के दौरान एजाज अंसारी अचानक 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने प्राथमिक उपचार कराने के बाद घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन आगे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता या मुआवजा देने से इंकार कर दिया। इससे नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने घायल मिस्त्री के समुचित इलाज का खर्च उठाने और उचित मुआवजा देने की मांग की। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर घायल के परिवार को धमकाने का भी आरोप लगाया।
परिजनों का कहना है कि एजाज की हालत गंभीर है और लंबे इलाज की आवश्यकता है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि काम के दौरान हुई इस दुर्घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए घायल को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

