

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद : झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार 26 दिसंबर को धनबाद दौरे पर आएंगे। वे बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के द्वितीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह धनबाद स्थित न्यू टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और विभिन्न व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के कुल 74 हजार 351 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें से 220 विद्यार्थियों को राज्यपाल के हाथों डिग्रियां दी जाएंगी। इनमें 190 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और 30 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की जाएगी।
बीबीएमकेयू के कुलपति डॉ. रामकुमार सिंह ने बताया कि राज्यपाल का आगमन 26 दिसंबर की सुबह साढ़े दस बजे समारोह स्थल पर होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का यह द्वितीय दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की शैक्षणिक मेहनत, अनुशासन और उपलब्धियों का औपचारिक सम्मान है।
दीक्षांत समारोह से पहले 25 दिसंबर को सभी चयनित विद्यार्थियों के लिए रिहर्सल आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ड्रेस कोड भी निर्धारित किया है। इसके तहत पुरुष विद्यार्थियों को सफेद कुर्ता-पायजामा और महिला विद्यार्थियों को लाल या मरून बॉर्डर वाली सफेद साड़ी अथवा सफेद कुर्ता-सलवार के साथ मरून दुपट्टा पहनना अनिवार्य होगा। सभी मेडलिस्ट विद्यार्थियों को रिहर्सल और समारोह के दिन वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा।
