

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: आईआईटी-आईएसएम धनबाद परिसर में वर्ष 1966 और 1976 बैच के पूर्व छात्रों का रीयूनियन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह रीयूनियन आईआईटी आईएसएम कैंपस स्थित फ्लावर गार्डन में आयोजित किया गया, जहां दोनों बैच के पूर्व छात्र एकत्रित हुए और वर्षों पुरानी यादों को ताजा किया। कार्यक्रम में छात्रों के साथ उनकी धर्मपत्नियां भी मौजूद रहीं जिससे माहौल और भी खुशनुमा बन गया।
फ्लावर गार्डन में रंग-बिरंगे फूलों और हरियाली के बीच पूर्व छात्र आपस में बातचीत करते, फोटो खिंचवाते और बागवानी का आनंद लेते नजर आए। लंबे समय बाद मिले दोस्तों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
रीयूनियन में शामिल हुए 1966 बैच के छात्र और आईआईटी आईएसएम से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक कर चुके रौशन लाल गुलाटी ने बताया कि इतने वर्षों बाद अपने संस्थान में आकर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में कदम रखते ही छात्र जीवन की पुरानी यादें ताजा हो गईं। पुराने दोस्त, क्लासरूम और हॉस्टल से जुड़ी यादों ने उन्हें भावुक कर दिया।
वहीं 1976 बैच के छात्र आर के प्रसाद ने बताया कि आज 50 वर्षों के बाद उनका रीयूनियन आयोजित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर सभी साथी अपनी-अपनी धर्मपत्नियों के साथ आईआईटी आईएसएम पहुंचे हैं और पुराने दोस्तों से मिलकर काफी खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि समय के साथ सभी एक-दूसरे से बिछड़ गए थे, लेकिन इस रीयूनियन ने फिर से सभी को एक साथ जोड़ दिया।
आर के प्रसाद ने यह भी कहा कि कई ऐसे साथी थे, जिन्हें पहली नजर में पहचानना मुश्किल हो रहा था, लेकिन बातचीत के दौरान वही लोग उनके सबसे करीबी दोस्त निकले।
