

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराध और माफिया राज तेजी से बढ़ रहा है तथा सरकार के संरक्षण में अपराधी बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।
मरांडी ने राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता की नियुक्ति और सेवा विस्तार को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अनुराग गुप्ता पहले दो वर्षों तक निलंबित रहे, लेकिन हेमंत सरकार ने नियमों की अनदेखी करते हुए सेवा समाप्ति के बाद उन्हें एक्सटेंशन दे दिया। मरांडी के अनुसार सरकार अपने पसंदीदा अधिकारियों को अहम पदों पर बैठाकर राजनीतिक हित साधने और विरोधियों को दबाने का प्रयास कर रही है।
धनबाद में बढ़ते अपराध और गैंगवार पर चिंता जताते हुए मरांडी ने कहा कि कोयला नगरी अब अपराधियों और माफियाओं की शरणस्थली बनती जा रही है। उन्होंने गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित वायरल वीडियो और ऑडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें पुलिस प्रशासन और अवैध हथियार सप्लाई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की बातें सामने आई हैं।
मरांडी ने धनबाद एसएसपी और प्रिंस खान के बीच कथित संबंधों को गंभीर बताते हुए मामले की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों की सप्लाई के अंतरराष्ट्रीय रूट का खुलासा होना चाहिए और पुलिस-अपराधी गठजोड़ को खत्म करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद ली जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता के अंत में मरांडी ने कहा कि झारखंड की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है और सरकार की नीतियों के कारण राज्य में अराजकता का माहौल बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इस कुशासन का जवाब देगी।
