चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: पुटकी स्थित मुनीडीह कोल वाशरी में हुए हादसे के बाद देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नियोजन तथा मुआवजे की मांग को लेकर वाशरी गेट जाम कर कई घंटों तक जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह बाधित रही।

घटना की सूचना पर प्रबंधन और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अडिग रहे। स्थिति को देखते हुए देर रात मुनीडीह कोलियरी के महाप्रबंधक, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मृतक के परिजनों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई।

लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। समझौते के तहत मृतक के आश्रितों को 20-20 लाख रुपये की मुआवजा राशि दो किश्तों में देने तथा आउटसोर्सिंग कंपनी में परिवार के एक सदस्य को नियोजन देने का आश्वासन दिया गया।

समझौते के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। प्रबंधन ने यह भी कहा कि हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *