

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को समाहरणालय में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित मंथली रिव्यू मीटिंग में जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करें। इसके साथ ही वारंट निष्पादन, कुर्की-जप्ती और ऑर्गेनाइज्ड क्राइम के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया।
महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने का निर्देश देते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि हाल ही में धनबाद दौरे पर आए आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी थानों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि लंबित मामलों का निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।
