
टीम अनंत सोच
धनबाद: देशभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। इसी बीच धनबाद से एक अलग तस्वीर सामने आई है। भाजपा विधायक राज सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से प्रेरित होकर अपनी चार पहिया गाड़ी छोड़ टोटो से सफर किया। विधायक का यह अंदाज अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
धनबाद की सड़कों पर जब विधायक राज सिन्हा टोटो में सफर करते नजर आए, तो लोग भी हैरान रह गए। जहां आमतौर पर नेताओं के लंबे काफिले और लग्जरी गाड़ियां देखने को मिलती हैं, वहीं राज सिन्हा अपने पीए और अंगरक्षक के साथ साधारण टोटो में कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।
उन्होंने भूदा और नगर निगम कार्यालय पहुंचकर धनबाद मेयर संजीव सिंह से मुलाकात की। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से यह पहल की है। उनका मानना है कि अगर हर व्यक्ति छोटी-छोटी कोशिश करे, तो बड़ा बदलाव संभव है।
विधायक का यह टोटो सफर अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक पहल और समाज को जागरूक करने वाला कदम मान रहे हैं।
सियासत में अक्सर नेताओं की पहचान बड़े काफिलों और महंगी गाड़ियों से जुड़ी रहती है, लेकिन धनबाद में विधायक राज सिन्हा ने टोटो की सवारी कर एक अलग संदेश देने की कोशिश की है। अब देखना यह होगा कि क्या जनप्रतिनिधियों की ऐसी छोटी पहल लोगों को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित कर पाएगी।

